Saturday, 13 July 2019

आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019, फाइनल प्रीव्यू: इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच आज होगा पहली बार खिताब जीतने की जंग

विश्व क्रिकेट को 14 जुलाई के दिन लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर नया सरताज मिलना तय हो गया है। अब बस देखना यह है कि इंग्लैंड और न्यूजीलैंड में से कौन सी टीम विश्व कप ट्रॉफी उठाने के सपने को साकार कर पाती है। न्यूजीलैंड ने दूसरी बार विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई है जबकि मेजबान इंग्लैंड चौथी बार फाइनल में पहुंचा है।

इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 का फाइनल मैच खेला जाएगा
 इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के कप्तान आईसीसी विश्वकप ट्रॉफी के साथ

पिछले विश्व कप में ही न्यूजीलैंड ने पहली बार फाइनल में कदम रखा था लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने उसको खिताब से महरूम रख दिया था। इंग्लैंड को देखा जाए तो वह 27 साल बाद फाइनल में पहुंची है। 1992 में उसने ग्राहम गूच की कप्तानी में फाइनल खेला था लेकिन इमरान खान की कप्तानी वाली पाकिस्तान ने उसे विजेता की ट्रॉफी नहीं उठाने दी थी और पहली बार चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया था।

कीवी टीम लगातार दूसरी बार विश्वकप फाइनल में

अब दोनों के पास पहली बार विश्व कप जीतने का मौका है, लेकिन किसकी झोली खाली रहती है और किसके हिस्से ट्रॉफी आती है यह तो मैच के दिन ही साफ हो पाएगा। एक रोचक तथ्य यह भी है कि इंग्लैंड के पास तीसरी ऐसी टीम बनने का मौका भी है, जो मेजबान रहते विश्व विजेता बने। भारतीय टीम ने 2011 में अपने घर में विश्व कप जीता था तब वह अपनी मेजबानी में विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बनी थी।



ऑस्ट्रेलिया ने 2015 में इसे दोहराया था। वहीं, विश्व क्रिकेट में 23 साल बाद ऐसा होगा जब विश्व कप कोई ऐसी टीम नहीं जीतेगी, जो पहले जीत चुकी है। 1996 में श्रीलंका ने पहली बार विश्व कप जीता था। तब से लेकर 2015 तक कोई नया विश्व विजेता नहीं बना और वही टीमें विश्व कप जीतती आईं, जो पहले जीत चुकी थीं। लेकिन इस बार इतिहास बदलेगा।

तीन बार फाइनल में हार चुकी है इंग्लैंड की टीम


1975 में वेस्टइंडीज ने विश्व कप जीता था। वेस्टइंडीज ने 1979 में भी इंग्लैंड को मात देकर विश्व कप अपने पास रखा था। जिसे 1983 में भारत ने छीन लिया था। 1987 में इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलिया ने खिताब जीतने से रोक दिया था तो 1992 में पाकिस्तान ने उसे एक बार फिर विश्व विजेता बनने से रोक दिया था। 1996 में श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया के दूसरी बार विश्व विजेता बनने का सपना तोड़ दिया था, लेकिन 1999 में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को मात दे दूसरी बार विश्व कप जीता था। जिसे 2003 में भारत और 2007 में श्रीलंका को मात देकर अपने पास ही रखा था। 2011 में भी दो ऐसी टीमें फाइनल में भिड़ीं थी जो पहले एक-एक बार विश्व कप जीत चुकी थीं। यहां महेंद्र सिंह धौनी की कप्तानी वाली भारत ने श्रीलंका को मात देकर 28 साल बाद विश्व कप ट्रॉफी उठाई थी।

केन - रूट तोड़ सकते हैं सचिन का विश्व रिकॉर्ड 

2015 में ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को मात देकर एक बार फिर विश्व विजेता का तमगा वापस ले लिया था। इसी फाइनल में नजरें सचिन तेंदुलकर के किसी एक विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले रिकॉर्ड पर ही रहेंगी, जिसे न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन और जो रूट तोड़ सकते हैं। सचिन ने 2003 विश्व कप में 673 रन बनाए थे। रूट अगर खिताबी मुकाबले में 125 रन बनाने में सफल होते हैं तो वह सचिन के 16 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ने में सफल हो जाएंगे। रूट के अभी तक 549 रन हैं। इसी तरह, अगर विलियमसन ने 126 रनों की पारी खेली तो वह भी अपना नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज कराने में सफल होंगे। विलियम्सन ने अभी तक 548 रन अपने खाते में डाल लिए हैं।

रोहित - वॉर्नर नहीं तोड़ सके सचिन का रिकॉर्ड 


आईसीसी विश्व कप-2019 में तीन बल्लेबाज 600 रनों के आंकड़े को पार कर गए। अभी तक इस विश्व कप में भारत के रोहित शर्मा सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में पहले स्थान पर हैं। उनके नाम 648 रन हैं। ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर 647 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, लेकिन भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। दोनों इस रिकॉर्ड के काफी करीब पहुंचे लेकिन वे इसे तोड़ नहीं सके। पांच शतक और एक अर्धशतक लगाने वाले रोहित इस रिकॉर्ड से 27 रन दूर रह गए जबकि तीन शतक और तीन अर्धशतक लगाने वाले वॉर्नर 28 रन दूर रहते हुए स्वदेश वापस लौट गए लेकिन केन और रूट अभी इस रेस में शामिल हैं।

Sunday, 16 June 2019

ICC CWC 2019, INDvPAK: भारत ने पाकिस्तान को सातवीं बार हराया

रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ विश्व कप 2019 में 140 रन की शानदार पारी खेली

आईसीसी विश्व कप 2019 के सबसे चर्चित मुकाबले में भारत ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 89 रनों से हरा दिया। इसके साथ ही भारत ने आईसीसी विश्व कप में इस पड़ोसी देश से आज तक कोई मैच नहीं हारने का इतिहास कायम रखा। गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट विश्व कप इतिहास का यह 7वां मुकाबला था, जिसमें भारत ने बाजी मारी। इससे पहले खेले गए 6 मुकाबलों में भी भारत ने ही जीत दर्ज की थी। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी का न्योता दिया।

आसमान में बादल छाए होने के बावजूद रोहित शर्मा और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत की। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 23.5 ओवरों में 136 रन जोड़े। केएल राहुल 57 रन बनाकर वहाब रियाज की गेंद पर विकेटकीपर सरफराज अहमद द्वारा लपके गए। रोहित शर्मा ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 140 रनों की शतकीय पारी खेली। विराट कोहली ने भी 77 रन बनाए। इस तरह भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में 5 विकेट पर 336 रनों का विशाल स्कोर बनाया। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद आमिर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 10 ओवर में 1 मेडन रखते हुए 47 दन देकर 3 विकेट झटके।
भारत की पारी के 47वें ओवर में बारिश ने खलल डाला। लेकिन लभगभ आधे घंटे में मैच फिर से शुरू हो गया। इसके जवाब में पाकिस्तान ने सिर्फ 13 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया। इमाम उल हक को विजय शंकर ने पगबाधा आउट कर पाकिस्तान के पहले विकेट का पतन किया। दरअसल, पाकिस्तान की पारी का 5वां ओवर भुवनेश्वर कुमार कर रहे थे। इस ओवर में 4 गेंदें डालने के बाद भुवनेश्वर के बाए पैर की है​मस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया। जिसके कारण उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा और वह वापस नहीं लौट सके। उनके ओवर की बची हुई दो गेंदें डालने के लिए विजय शंकर आए और पहली ही गेंद पर इमाम को चलता कर दिया। 
इसके बाद फखर जमां ने बाबर आजम के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 104 रनों की शतकीय साझेदारी की। खतरनाक होती इस साझेदारी को कुलदीप यादव ने तोड़ा, जब उन्होंने एक शानदार गेंद पर बाबर आजम की गिल्लियां बिखेर दी। बाबर आजम ने 48 रन बनाए। इस साझेदारी के टूटते ही पाकिस्तान का बल्लेबाजी क्रम ढहने लगा। कुलदीप ने आंखें जमा चुके फखर जमां को युजवेंद्र चहल के हाथों कैच कराकर पाकिस्तान को तीसरा झटका दिया। फखर 62 रन बनाकर पवेलियन लौटे। हार्दिक पांड्या ने 27वें ओवर की आखिरी दो गेंदों पर लगातार मोहम्मद हफीज और शोएब मलिक को पवेलियन लौटाकर मैच में पाकिस्तान की उम्मीदें धुमिल कर दी। हफीज 9 और मलिक बिना खाता खोले पवेलियन लौटे।
विजय शंकर ने कप्तान सरफराज अहमद को 12 रन के निजी स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर पाकिस्तान के छठे विकेट का पतन किया। जब पाकिस्तान का स्कोर 35 ओवर में 6 विकेट पर 166 रन था तभी बारिश ने मैच में खलल डाला। इसके चलते लगभग 1 घंटे से ज्यादा का खेल बर्बाद हुआ। जब बारिश रुकी तो अंपायरों ने पाकिस्तान के सामने संशोधित लक्ष्य रखा। जिसके अंर्तगत मैच को 50 से घटाकर 40 ओवरों का कर दिया गया और लक्ष्य 337 से घटाकर 302 रन कर दिया गया। इस तरह मैच दोबारा शुरू हुआ तो पाकिस्तान को 30 गेंदों में जीत के लिए 136 रन बनाने थे। लेकिन पाकिस्तान की टीम 40 ओवरों में 6 विकेट पर 212 रन ही बना सकी और मैच डकवर्थ लुईस नियम के तहत 89 रनों से हार गई। रोहित शर्मा को उनकी बेहतरीन शतकीय पारी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।

Friday, 14 June 2019

क्रिकेट विश्वकप 2019: जो रूट के आलराउंडर प्रदर्शन के दम पर इंग्लैंड ने विंडीज को 8 विकेट से हराया


इंग्लैंड ने शुक्रवार को 'द रोज बाउल स्टेडियम' में खेले गए आईसीसी विश्व कप-2019 के अपने चौथे मैच में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से करारी मात दी। इंग्लैंड ने विंडीज को इस मैच में बल्ले और गेंद दोनों से एकतरफा मात दी। मेजबान टीम के कप्तान ओएन मोर्गन ने टॉस जीत विंडीज को बल्लेबाजी के लिए बुलाया, लेकिन इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने तूफानी बल्लेबाजी करने के लिए मशहूर विंडीज का बल्लेबाजी क्रम सिर्फ 44.4 ओवरों में 212 रनों पर ढेर हो गया। विंडीज के लिए निकोलस पूरन ने सबसे ज्यादा 63 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए जोफ्रा आर्चर और मार्क वुड ने तीन-तीन विकेट लिए। आसान से लक्ष्य को इंग्लैंड ने 33.1 ओवरों में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। 

Joe Root scored second century in world cup 2019 against Windies
 Joe Root ©icc/twitter

इस मैच में जेसन रॉय के फील्डिंग के दौरान चोटिल होने के कारण सलामी बल्लेबाजी करने आए इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कप्तान जोए रूट ने नाबाद 100 रनों की पारी खेली। इस पारी में रूट ने 94 गेंदों का सामना किया और 11 चौके लगाए। यह रूट का इस विश्व कप में दूसरा शतक है। इससे पहले वे पाकिस्तान के खिलाफ भी 107 रन बना चुके हैं। रूट ने गेंद से भी योगदान दिया और दो विकेट निकाले। अपने हरफनमौला खेल के लिए रूट मैन ऑफ द मैच चुने गए। इस जीत से इंग्लैंड 10 टीमों की अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। उसके चार मैचों में छह अंक हो गए हैं।

ऑस्ट्रेलिया के भी छह अंक हैं, लेकिन मेजबान टीम का नेट रन रेट मौजूदा विजेता से बेहतर है। इस विश्व कप में वेस्टइंडीज की गेंदबाजी काफी अच्छी रही है। इसी को देखकर लगा था कि इंग्लैंड को आसान से लक्ष्य में भी थोड़ी बहुत परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसा हालांकि हुआ नहीं। रूट और जॉनी बेयरस्टॉ (45) ने टीम को दमदार शुरुआत दे विंडीज की शुरुआती सफलता हासिल करने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े। शैनन गैब्रिएल ने बेयरस्टॉ को अर्धशतक पूरा नहीं करने दिया और 15वें ओवर की चौथी गेंद पर कालोर्स ब्रैथवेट के हाथों कैच कराया। 



जॉनी बेयरस्टॉ के जाने के बाद जो रूट और क्रिस वोक्स (40) ने विंडीज के गेंदबाजों को आसानी से खेला। रॉय के अलावा इंग्लैंड के कप्तान ओएन मोर्गन भी फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए थे। इसलिए जरूरी था कि यहां एक अच्छी साझेदारी हो ताकि मेजबान टीम को किसी तरह की परेशानी नहीं आए। समय की मांग को भांपते हुए रूट और वोक्स ने दूसरे विकेट के लिए 104 रनों की साझेदारी कर इंग्लैंड की जीत तय कर दी। 199 के कुल स्कोर पर हालांकि वोक्स गैब्रिएल का दूसरा शिकार बने। उनके जाने के बाद रूट ने अपना शतक पूरा किया और बेन स्टोक्स (नाबाद 10) के साथ मिलकर अपनी टीम को जीत दिलाई।
इससे पहले, विंडीज के लिए पूरन ही अर्धशतक जमा सके, बाकी कोई और बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सका। विंडीज के कुछ और बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत जरूर की लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सके। वोक्स ने इविन लुइस (2) को पैर नहीं जमाने दिए। तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर लुइस चार के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट लिए। शे होप (11) और क्रिस गेल (36) ने टीम को 50 के पार पहुंचाया। टीम का स्कोर 54 था तभी लियाम प्लंकट ने गेल को बेयरस्टो के हाथों कैच कराया। एक रन बाद होप, वुड की गेंद पर पगबाधा करार दे दिए गए।



विंडीज को संकट से बाहर निकालने की जिम्मेदारी पूरन और शिमरन हेटमायेर (39) ने ली। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 89 रनों की साझेदारी कर विंडीज को अच्छे स्कोर के रास्ते पर बनाए रखा। इंग्लैंड के कप्तान मोर्गन ने इस साझेदारी को तोड़ने के लिए रूट पर दांव खेला जो सफल रहा। हेटमायर, रूट को उन्हीं की गेंद पर कैच दे बैठे। रूट विंडीज के कप्तान जेसन होल्डर (9) का विकेट लेने में भी सफल रहे। इंग्लैंड के सामने अब आंद्रे रसेल की चुनौती थी जिसे वुड ने खत्म कर दिया। रसेल 16 गेंदों पर एक चौके और दो छक्के के साथ 21 रन बनाकर वोक्स को कैच देकर पवेलियन लौट लिए। 


इस बीच दूसरे छोर पर खड़े पूरन ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था, लेकिन आर्चर ने उन्हें ज्यादा आगे नहीं जाने दिया और 202 के कुल स्कोर पर उनकी पारी का अंत किया। इसी स्कोर पर आर्चर ने शेल्डन कॉटरेल को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। यहां से आर्चर और वुड ने विंडीज को टिकने नहीं दिया। कार्लोस ब्रैथवेट ने 14 रन बनाए। शैनन गैब्रिएल खाता भी नहीं खोल पाए। इंग्लैंड के लिए आर्चर और वुड ने तीन-तीन विकेट लिए।
रूट ने दो सफलताएं अर्जित कीं तो वहीं वोक्स और प्लंकट के हिस्से एक-एक विकेट आया।

Friday, 7 June 2019

आईसीसी विश्व कप 2019, Aus vs WI: ऑस्ट्रेलिया ने विंडीज को 15 रन से शिकस्त दी, स्टार्क ने झटके 5 विकेट

ICC CWC 2019, Australia vs Windies Match Highlights: आठवें नंबर के बल्लेबाज नाथन कूल्टर नाइल और स्टीव स्मिथ के अर्धशतकों के बाद मिशेल स्टार्क की तूफानी गेंदबाजी से ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को आईसीसी विश्व कप 2019 के 10वें मैच में रोमांचक मुकाबले में वेस्टइंडीज को 15 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। ऑस्ट्रेलिया के 289 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम स्टार्क (46 रन पर पांच विकेट) और पैट कमिंस (41 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने नौ विकेट पर 273 रन ही बना सकी। वेस्टइंडीज की ओर से शाई होप (68), कप्तान जेसन होल्डर (51) और निकोलस पूरन (40) ने उम्दा पारियां खेली लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
नाथन कूल्टर नाइल ने विंडीज के खिलाफ विश्व कप 2019 में 92 रनों की विश्व रिकॉर्ड पारी खेली
ऑस्ट्रेलिया ने इससे पहले कूल्टर नाइल (92), स्मिथ (73) और एलेक्स कैरी (45) की पारियों की बदौलत बेहद खराब शुरुआत से उबरते हुए 49 ओवर में 288 रन बनाए। कूल्टर नाइल ने 60 गेंद की अपनी पारी में आठ चौके और चार छक्के जड़े।
स्मिथ ने एंकर की भूमिका निभाई और कूल्टर नाइल के साथ सातवें विकेट के लिए 102 रन जोड़ने के अलावा एलेक्स कैरी (45) के साथ उस समय छठे विकेट के लिए 68 रन जोड़े जब टीम 79 रन पर पांच विकेट गंवाकर संकट में थी।
नाथन कूल्टर नाइल के विश्व रिकॉर्ड 92 रन की पारी

कूल्टर नाइल की यह पारी विश्व कप में सातवें नंबर के बाद बल्लेबाजी करते किसी बल्लेबाज का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। वेस्टइंडीज की ओर से कार्लोस ब्रेथवेट सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 67 रन देकर तीन विकेट चटकाए जबकि आंद्रे रसेल (41 रन पर दो विकेट), शेल्डन कोटरेल (56 रन पर दो विकेट) और ओशाने थॉमस (63 रन पर दो विकेट) ने दो-दो विकेट हासिल किए। 
वेस्टइंडीज की शुरुआत रही खराब
लक्ष्य का पीछा करने उतरे वेस्टइंडीज की शुरुआत भी खराब रही। एविन लुईस (01) दूसरे ओवर में ही पैट कमिंस की गेंद पर स्मिथ को कैच दे बैठे। पारी का तीसरा ओवर घटना प्रधान रहा। मिशेल स्टार्क के ओवर में मैदानी अंपायर ने दो बार सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल को आउट दिया, लेकिन वह दोनों बार डीआरएस लेकर बच गए।
क्रिस गेल वर्ल्ड कप में 1000 रन पूरे करने वाले दुनिया के 18वें बल्लेबाज
गेल ने चौथे ओवर में पैट कमिंस पर तीन चौके जड़े और इस दौरान विश्व कप में 1000 रन पूरे करने वाले दुनिया के 18वें और वेस्टइंडीज के तीसरे बल्लेबाज बने। स्टार्क ने अगले ओवर में गेल को एलबीडब्ल्यू किया और इस बार डीआरएस भी बायें हाथ के इस बल्लेबाज को नहीं बचा पाया और वेस्टइंडीज का स्कोर दो विकेट पर 31 रन हो गया। बाद में हालांकि रिप्ले में दिखा कि जिस गेंद पर गेल आउट हुए उससे पहले स्टार्क ने नोबाल फेंकी थी जिसे अंपायर नहीं देख पाए और अगर ऐसा होता तो जिस गेंद पर गेल आउट हुए वह फ्री हिट होती।
शाई होप और निकोलस पूरन (40) ने इसके बाद पारी को संभाला। पूरन ने स्टार्क और कूल्टर नाइल पर दो-दो चौके जड़कर आठवें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया। मैक्सवेल ने लेग स्पिनर एडम जंपा की गेंद पर पूरण का मुश्किल कैप टपकाया जिसके बाद इस बल्लेबाज ने मार्कस स्टोइनिस पर छक्का जड़ा।
जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाए निकोलस पूरन
पूरन हालांकि जीवनदान का अधिक फायदा नहीं उठा सके और जंपा की गेंद पर ही फिंच ने बैकवर्ड प्वाइंट पर उनका शानदार कैच लपका और होप के साथ उनकी 68 रन की साझेदारी का अंत किया। होप ने इसके बाद शिमरोन हेटमायर (21) के साथ 50 रन की साझेदारी की। होप ने कूल्टर नाइल पर लगातार दो चौके और फिर एक रन के साथ 76 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।
हेटमायर हालांकि होप के साथ गलतफहमी का शिकार होकर रन आउट हो गए। होप भी इसके बाद कमिंस की गेंद पर मिड आन पर उस्मान ख्वाजा को कैच दे बैठे। होप ने 105 गेंद का सामना करते हुए सात चौके मारे। वेस्टइंडीज के कप्तान जेसन होल्डर को भी मैक्सवेल और जंपा की गेंद पर दो बार मैदान अंपायर ने एलबीडब्ल्यू आउट दिया लेकिन वह दोनों बार डीआरएस की मदद से फैसला बदलवाने में सफल रहे।
होल्डर ने आंद्रे रसेल के साथ मिलकर 38वें ओवर में टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया। रसेल 15 रन बनाने के बाद स्टार्क की गेंद पर लापरवाही भरा शॉट खेलकर मैक्सवेल को कैच दे बैठे। वेस्टइंडीज को अंतिम 10 ओवर में जीत के लिए 68 रन की दरकार थी।
जेसन होल्डर का अर्धशतक
होल्डर ने जंपा पर दो चौकों के साथ रन और गेंद के बीच के अंतर को कम किया और फिर 50 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। स्टार्क ने 46वें ओवर में कार्लोस ब्रेथवेट (16) और होल्डर को आउट करके मैच का रुख पलट दिया। 

Monday, 27 May 2019

ICC CWC 2019 Warm Up Match: जेसन रॉय ने जड़ा तूफानी अर्धशतक, इंग्लैंड ने अफगानिस्तान को 9 विकेट से हराया

जोफ्रा आर्चर और जो रूट के  घातक गेंदबाजी के बाद  जेसन रॉय(89*) के विस्फोटक अर्धशतक के बदौलत इंग्लैंड ने विश्व कप के अपने दूसरे और अंतिम अभ्यास मैच में अफगानिस्तान को 9 विकेट से हराकर शानदार जीत हासिल की। 
अफगानिस्तान से मिले 161 रन के लक्ष्य को इंग्लैंड ने जेसन रॉय के नाबाद 89(46), जॉनी बेयरस्टो के 39(22) और जो रूट के नाबाद 29(37)  रन के पारियों के दम पर 17.3 ओवर में 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया। जेसन रॉय ने आतिशी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 11 चौके और 4 छक्के लगाए। 

 जेसन रॉय अर्धशतक लगाने के बाद अभिवादन करते हुए, चित्र-©Getty

इससे पहले इंग्लैंड ने जोफ्रा आर्चर और जो रूट के घातक गेंदबाजी के बदौलत अफगानिस्तान की टीम पारी को 38.4 ओवर में 160 रन पर समेट दिया था।आर्चर और  रूट दोनों ने 32 और 22 रन देकर तीन-तीन विकेट झटके। अफगानिस्तान के लिए मोहम्मद नबी नेे सर्वाधिक 44(42) रन बनाए। इसके अलावा नूर अली ने 30(34) और दौलत जद्रान ने नाबाद 20(17) रन बनाए।
इंग्लैंड के लिए यह जीत काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि पिछले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने उसे 12 रन से शिकस्त देकर विश्व कप की तैयारियों को तगड़ा झटका दिया था। इंग्लैंड विश्व कप का आगाज मैच 30 मई को दक्षिण अफ्रीका के साथ करेगा।




Sunday, 14 April 2019

Singapore Open: पीवी सिंधु सेमीफाइनल में हारकर टूर्नामेंट से बाहर, जापानी खिलाड़ी ने दी मात

भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु सिंगापुर ओपन के सेमीफाइनल में हार कर बाहर हो गई। उन्हें जापान की नोजोमी ओकुहारा ने 7-11, 11-21 से हराया...
पीवी सिंधु को सिंगापुर ओपन के सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा
 पीवी सिंधु
पीवी सिंधु सिंगापुर ओपन के महिला एकल सेमीफाइनल में जापान की नोजोमी ओकुहारा से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई । इसके साथ ही इस टूर्नामेंट में भारत का अभियान भी समाप्त हो गया। अब ओकुहारा का सामना दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी चीनी ताइपे की ताई जू यिंग से होगा।

ओकुहारा ने आसानी से दी मात

शनिवार को सिंधु ने पूर्व विश्व चैंपियन नोजोमी ओकुहारा के सामने आसानी से हथियार डाल दिए। रियो ओलंपिक रजत पदकधारी सिंधु को दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी जापान की ओकहरा से सिर्फ 37 मिनट में 7-21, 11-21 से हार गई। एक अन्य सेमीफाइनल मुकाबले में ताई जू ने जापान की ही अकाने यामागुची को 15-21, 24-22, 21-19 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया।

ओकुहारा ने पिछले दो हार का बदला चुकाया

सिंधु ने पिछले दो मैचों में ओकुहारा को हराया था जिसका जापानी खिलाड़ी ने बदला चुका लिया। आप दोनों के बीच का रिकॉर्ड 7-7 हो गया है।

Thursday, 28 March 2019

India Open 2019: सिंधु, श्रीकांत समेत पांच भारतीय क्वार्टर पहुंचे

भारत के स्टार खिलाड़ी और दूसरी वरीय पीवी सिंधु ने इंडिया ओपन के अंतिम आठ में प्रवेश कर लिया है।
पीवी सिंधु इंडिया ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंची
 पीवी सिंधु
पुरुष एकल में भी तीसरे वरीय किदांबी श्रीकांत सहित चार खिलाड़ियों ने गुरुवार को अंतिम आठ में जगह बनाई । दुनिया की छठे नंबर की सिंधु ने  तीसरे नंबर की हांगकांग की डेंग जाय शुआन पर 21-11, 21-13 से आसान जीत दर्ज की। तीसरी सीड और खिताब के दावेदार के. श्रीकांत, बी साई प्रणीत, पारुपल्ली कश्यप और एचएस प्रणय भी अंतिम आठ में पहुंच गए।
पूर्व चैंपियन श्रीकांत ने चीन के लू गुआंगझू को 21-11, 21-16 से पराजित किया। अब वह अंतिम आठ में हमवतन प्रणीत से भिड़ेंगे। प्रणीत ने पांचवीं सीड हमवतन समीर वर्मा को 1 घंटे 11 मिनट में 18-21, 21-16, 21-15 से हराया।
कश्यप ने थाईलैंड के तानोंगशाक सेनसोमबुनसुक को 37 मिनट में 21-11, 21-13 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। अब उनका सामना ताइपे के वांग जू वेई से होगा। 
प्रणय  ने डेनमार्क के जान ओ जॉर्गेनशन को 1 घंटे 6 मिनट में 21-19, 20-22, 21-17 से हराया। अब वह दूसरी सीड डेनमार्क के विक्टर एक्सेल्शन से खेलेंगे। शुभंकर डे दूसरे दौर में बाहर हो गए। उन्हें ताइपे के वांग जू वेई ने 21-16, 21-13 से हराया।
महिला वर्ग में रिया मुखर्जी को डेनमार्क की ब्लीचफेल्ट ने 21-8, 17-21, 21-13 से हराया। महिला युगल में अपर्णा बालन-श्रुति केपी ने हांगकांग कु एनजी विंग युंग- यियुंग एंगा तिंग को अश्विनी पोनप्पा-एन सिक्की रेड्डी ने चीन की चेन जियाओफेयी- झोउ चाओमिन को 21-18, 21-14 से हराया।
पुरुष युगल में मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी ने हुआंग काइशियांग और वैंग जिकांग की चीनी जोड़ी को 25-23, 21-18 से हराया।

Monday, 25 March 2019

अजलान शाह कप : भारत का तीसरा मुकाबला आज, मलेशिया के खिलाफ इस टूर्नामेंट में सक्सेस रेट 88%

भारतीय हॉकी टीम सुल्तान अजलान शाह कप में अपने तीसरे मुकाबले में आज मेजबान मलेशिया से खेलेगी। इस टूर्नामेंट में दोनों टीमों के मुकाबलों की बात की जाए तो अब तक 10 मैच हुए। इनमें भारतीय टीम को सात में जीत मिली और एक में हार का सामना करना पड़ा। दो मैच ड्रॉ रहे। भारत का सक्सेस रेट 88% रहा। पिछली बार 2018 में भारत ने मलेशिया को 5-1 से हराया था।
टीम इंडिया ने पहले मैच में एशियन चैम्पियन जापान को 2-0 से हराया था। जबकि, दूसरे मुकाबले में दक्षिण कोरिया से 1-1 से ड्रॉ खेला था। छह टीमों की अंक तालिका में भारत अभी तीसरे स्थान पर है। वहीं, मलेशिया पहले पायदान पर काबिज है।


नौ साल पहले गुवांग्झू एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में मलेशिया ने भारत को 4-3 से हरा दिया था। इसके बाद पिछले साल भी मलेशिया की टीम एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में ही भारत को हराया था। तब मलेशिया की टीम पेनल्टी शूटऑफ में 7-6 से जीती थी।
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 101 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारतीय टीम ने 70 में जीत हासिल की। मलेशिया को 13 में जीत मिली। 18 मुकाबले ड्रॉ पर छूटे। भारत ने मलेशिया के खिलाफ 287 गोल किए। वहीं, 127 गोल टीम इंडिया के खिलाफ हुए।

Sunday, 24 March 2019

IPL 2019: किंग्स इलेवन पंजाब ने राजस्थान रॉयल्स को 14 रन से हराया

इंडियन प्रीमियर लीग के 12वें संस्करण का चौथा मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) और किंग्स इलेवन पंजाब (Kings XI Punjab) के बीच खेला गया। जिसमें पंजाब ने राजस्थान को 14 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरूआत जीत के साथ की। मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए किंग्स इलेवन पंजाब ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 184 रन का स्कोर बनाया। क्रिस गेल ने 47 गेंदों में 8 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 79 रनों की धमाकेदार पारी खेली। सरफराज खान 29 गेंदों में 6 चौकों और 1 छक्के की मदद से 46 रन बनाकर नाबाद लौटे। मयंक अग्रवाल ने 22, निकोलस पूरन ने 12 रन बनाए। मंदीप सिंह 5 रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान की ओर से बेन स्टोक्स ने 2, कृष्णप्पा गौतम और धवल कुलकर्णी ने 1-1 विकेट लिया।


जवाब में जोस बटलर और अजिंक्य रहाणे ने राजस्थान रॉयल्स को तूफानी शुरूआत देते हुए पहले विकेट के लिए 8 ओवर में 78 रन जोड़ दिए। अजिंक्य रहाणे के रूप में राजस्थान को पहला झटका लगा। वह 27 रन बनाकर आर अश्विन की गेंद पर बोल्ड हुए। जब राजस्थान का स्कोर 108 रन था तभी धुआंधार बल्लेबाजी कर रहे जोस बटलर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए। वह नॉन स्ट्राइकर एंड पर गेंद फेंके जाने से पहले ही क्रीज से बाहर निकल गए और आर ​अश्विन ने उनकी गिल्लियां बिखेर दी। बटलर ने 43 गेंदों में 10 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 69 रन बनाए। इन दोनों के आउट होने के बाद संजू सैमसन और स्टीव स्मिथ पारी को 148 के स्कोर तक ले गए। इसी स्कोर पर सैमसन (30) को कुरैन ने अश्विन के हाथों कैच आउट करा दिया। इसी ओवर में सैम कुरैन ने स्टीव स्मिथ (20) को केएल राहुल के हाथों कैच आउट करा कर राजस्थान को बड़ा झटका दे दिया।
इसके बाद राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजों का आना-जाना लगा रहा। मुजीब उर्र रहमान ने अपने एक ही ओवर में बेन स्टोक्स और राहुल त्रिपाठी को आउट कर राजस्थान की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इस दौरान जोफ्रा आर्चर रन आउट हो गए। राजस्थान रॉयल्स ने अपने आखिरी 7 विकेट सिर्फ 56 रनों के अंदर गंवा दिए। इस तरह किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से दिए गए 185 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 170 रन ही बना सकी और बेहतरीन शुरूआत मिलने के बाद भी मुकाबला 14 रन के अंतर से गंवा बैठी। किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से सैम कुरैन, मुजीब उर्र रहमान और अंकित राजपूत ने 2-2 सफलाएं हासिल की। कप्तान आर अश्विन ने 1 विकेट लिया। क्रिस गेल को उनकी आतिशी पारी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।

अश्विन ने बड़े ही चालाकी से बटलर को किया रनआउट, IPL इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा

आईपीएल के 12वें सीजन में सोमवार को खेले गए एक रोमांचक मुकाबले में पंजाब ने मेजबान राजस्थान को 14 रन से मात दी। इस टूर्नामेंट के 12 साल के इतिहास में यह पहला मौका होगा, जब पंजाब ने राजस्थान को उसके घर में मात दी हो। एक समय आसानी से जीत की ओर बढ़ रही राजस्थान जोस बटलर के विवादित रनआउट के बाद पूरी तरह मैच से बाहर हो गई। हालांकि इसके बाद दिग्गजों ने अश्विन को आड़े हाथों लेते हुए खूब लताड़ लगाई। बता दें कि यह वाकया 13वें ओवर की आखिरी गेंद का है। इस वक्त राजस्थान की टीम एक विकेट के नुकसान पर 108 रन बनाकर खेल रही थी। क्रीज पर संजू सैमसम (12) और जोस बटलर 43 गेंदों पर 69 रन बनाकर नॉ स्ट्राइकर एंड पर खड़े थे।


तभी अश्विन ने उन्हें क्रीज से निकलते देख उन्हें बिना वॉर्निंग दिए चालाकी से रन आउट कर दिया। अश्विन की अपील पर ग्राउंड पर मौजूद अंपायर ने थर्ड अंपायर से मदद मांगी और जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे बटलर को मजबूरन मैदान छोड़ना पड़ा।अश्विन के इस चतुराईभरे रन आउट के लिए क्रिकेट दिग्गजों ने उन्हें खूब फटकार लगाई। कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि अश्विन आज भी स्कूल लेवल का क्रिकेट खेल रहे हैं।मैच के बाद राजस्थान की टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे भी अश्विन के इस रवैये से काफी नाखुश दिखाई दिए। मैच खत्म होने के बाद उन्होंने अश्विन से हाथ तक नहीं मिलाया।

मियामी ओपन: सेरेना हटी, नंबर 1 खिलाड़ी ओसाका हारी, फेडरर अगले दौर में

सेरेना विलियम्स ने घुटने की चोट के कारण मियामी ओपन एटीपी-डब्ल्यूटीए टेनिस टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया जबकि शीर्ष रैंकिंग पर काबिज नाओमी ओसाका तीसरे दौर में हारकर बाहर हो गई। वहीं, पुरुषों में रोजर फेडरर को क्वालीफायर राडू एलबोट से कड़ी चुनौती मिली लेकिन वह तीसरे दौर में पहुंचने में सफल रहे। 
सेरेना का टूर्नामेंट से हटना उम्मीद के विपरीत था क्योंकि उनके चोटिल होने का कोई संकेत नहीं दिख रहा था, उन्होंने पहले दौर में रेबेका पीटरसन पर 6-3 1-6 6-1 से शिकस्त दी थी। सेरेना ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में भी स्वास्थ्य संबंधित किसी मुद्दे का जिक्र नहीं किया था। इससे उनकी प्रतिद्वंद्वी 18वीं वरीयता प्राप्त कियांग वांग चौथे दौर में पहुंच गईं।


इसके दो घंटे से कम समय में ही ओसाका तीसरे दौर के मुकाबले में ताईवान की सिए सु वेई से 4-6 7-6 6-3 से हारकर बाहर हो गईं। वहीं यहां तीन बार के चैम्पियन फेडरर ने दूसरे दौर में राडू एलबोट को 4-6 7-5 6-3 से मात दी। 
पुरुष वर्ग में जो वरीय खिलाड़ी बाहर हुए, उनमें कारेना खाचानोव, डिएगो श्वार्टजमैन, गुईडो पेला, स्टैन वावरिंका और स्टीव जानसन हैं। 
ताइवान की सीह सू-वेई का मुकाबला अब पूर्व विश्व नंबर-1 डेनमार्क की कैरोलिना वोज्नियाकी से होगा जिन्होंने तीसरे दौर में रोमानिया की क्वालीफायर मोनिका नेकुलेस्क्यू को शिकस्त दी। इस बीच, चीन की नंबर-1 वांग क्यिांग भी अंतिम-16 में पहुंचने में कामयाब रही। उनकी प्रतिद्वंद्वी अमेरिका की सेरेना विलियम्स ने चोट के कारण तीसरे दौर के मुकाबले से नाम वापस ले लिया था। 
सेरेना ने कहा, “मैं घुटने की चोट के कारण मियामी ओपन से नाम वापस लेकर दुखी हूं। इस साल हार्ड रॉक स्टेडियम में खेलने का मेरा अनुभव शानदार रहा।”

आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019, फाइनल प्रीव्यू: इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच आज होगा पहली बार खिताब जीतने की जंग

विश्व क्रिकेट को 14 जुलाई के दिन लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर नया सरताज मिलना तय हो गया है। अब बस देखना यह है कि इंग्लैंड और न्यूजीलैंड ...